रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। मंगलवार की दोपहर स्पेशल टास्क फोर्स के पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने कांवड़ मेले में तैनात नए रंगरूटों और अन्य पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के संबंध में कड़े व महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। एसपी विवेक कुमार ने स्पष्ट किया कि हाईवे पर ड्यूटी दे रहा हर जवान अपने क्षेत्र का पॉइंट अफसर है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए उन्हें परिस्थिति के अनुसार मौके पर ही तत्काल निर्णय लेने की पूरी स्वतंत्रता दी गई है। हाईवे पर वाहनों के दबाव और समय की स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी यातायात संचालन के लिए मौके पर ही खुद फैसला लें ताकि कहीं भी जाम की स्थिति पैदा न हो। इसके अलावा कांवड़ियों व शिवभक्तों के साथ विनम्र और मधुर व्यवहार बनाए रखें दूर-दराज से आ रहे श्रद्धालुओं को सही रास्तों का उचित मार्गदर्शन दें।
कांवड़ मेले में पहली बार ड्यूटी कर रहे नए पुलिसकर्मियों (रंगरूटों) को विशेष रूप से सतर्क रहने और वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए। एसटीएफ के पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार ने कहा कि हाईवे पर तैनात हर पुलिसकर्मी अपने पॉइंट का जिम्मेदार अफसर है। परिस्थितियों के अनुसार यातायात संभालने का निर्णय वह खुद ले सकता है लेकिन श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कांवड़ यात्रा के चरम पर पहुंचने से पहले ही हाईवे पर पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। एसपी ने अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करने और संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखने के भी सख्त आदेश जारी किए हैं।
