रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कस्बे के एक मोहल्ले में अवैध रूप से चल रहे पशु कटान की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। हालांकि पुलिस टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से लावारिस हालत में ख़डी दो मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है।
मामला मंगलौर के मोहल्ला टोली का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ला टोली स्थित एक मकान के भीतर अवैध रूप से पशु कटान किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। पुलिस द्वारा दबिश दिए जाने की भनक लगते ही आरोपी मौके पर अफरा-तफरी के बीच वाहन छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मकान परिसर और आसपास छानबीन की जहां से दो मोटरसाइकिलें लावारिस अवस्था में खड़ी मिलीं। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कोतवाली भिजवा दिया है। कस्बा चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। जब्त की गई मोटरसाइकिलों के नंबरों के आधार पर उनके मालिकों और फरार आरोपियों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
