रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र के नारसन के पास बाइक सवार दो युवकों ने कार सवार एक युवक पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। गोली कार के पिछले दरवाजे में जाकर लगी जिससे कार सवार दोनों युवक बाल-बाल बच गए। हमलावर पिछले कई दिनों से पीड़ित को सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र की नारसन पुलिस चौकी अंतर्गत आने वाले ग्राम टिकौला निवासी मोनू उर्फ अक्षय पुत्र ने कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गुरुवार की दोपहर वह अपने साथी नीटू के साथ कार में सवार होकर गुरुकुल की ओर जा रहा था। जैसे ही वे नारसन के पास जंगल वाले इलाके में पहुंचे तभी सामने से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आए और उनकी गाड़ी के आगे बाइक अड़ा दी। पीड़ित का आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठा टोनू नाम का युवक और उसे चला रहा उसका भांजा निवासी मेरठ गाड़ी के सामने आ गए। टोनू ने तमंचा निकालकर गाली-गलौज करते हुए उस पर सीधी गोली चला दी। परंतु उसने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत गाड़ी को आगे बढ़ा दिया जिससे गोली सीधे कार के पिछले दरवाजे पर जा लगी और दोनों की जान बच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद पीड़ितों ने आगे जाकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पीड़ित मोनू का कहना है कि आरोपी टोनू पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया के जरिए उसके गांव टिकौला आकर जान से मारने की धमकियां दे रहा था और इसी रंजिश के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर क्या कहना है की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
