रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: श्रावणी कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में धर्मनगरी हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्यों की ओर लौट रहे कांवड़ियों का सैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार रात से ही हाईवे पर तूफानी कांवड़ियों और शिवभक्तों की आवाजाही का सिलसिला लगातार जारी है।
सोमवार सुबह से हो रही बारिश भी शिवभक्तों के बढ़ते कदमों और अटूट उत्साह को नहीं रोक सकी। बारिश के बीच तूफानी कांवड़ यात्री और दोपहिया वाहनों पर सवार श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर तेजी से बढ़ते दिखाई दिए। यात्रा के अंतिम पड़ाव में पहुंचे श्रद्धालुओं की भक्ति का आलम यह है कि मंजिल तक पहुंचने की जल्दी में उनके पैर जमीन पर नहीं टिक रहे हैं। हाईवे पर दिन-रात वाहनों और कांवड़ियों की तेज रफ्तार बनी हुई है रविवार की पूरी रात हाईवे पर वाहनों की रेलमपेल बनी रही। मुख्य मार्ग पर हर तरफ शिवभक्तों का हुजूम नजर आया। तेज गति से बढ़ रहे तूफानी कांवड़ियों के उत्साह के आगे बारिश भी फीकी पड़ गई। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
