रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
कलियर । घर में झाड़ू लगाते समय सांप के डसने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में महिला को उपचार के लिए अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत बिगड़ गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार,फूलमती 65 वर्षाज निवासी रहमतपुर थाना पिरान कलियर बुजुर्ग महिला अपने घर में झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान अचानक वहां छिपे सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के डसने के बाद महिला की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की।
परिजन महिला को लेकर अस्पताल के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उनकी सांसें थम गईं। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि बरसात के मौसम में सांपों के घरों और आबादी वाले क्षेत्रों में निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।
