रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: नगर के श्री दिगंबर जैन मंदिर में देवाधिदेव श्री 1008 भगवान पार्श्वनाथ का मोक्ष कल्याणक महोत्सव बड़ी धूमधाम और श्रद्धा-भक्ति के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जैन समाज के लोगों ने प्रभु के चरणों में विशेष निर्वाण लाडू समर्पित कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान पार्श्वनाथ के चरणों में शांतिधारा के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने समाज और देश में सुख, शांति, समृद्धि तथा सभी के उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके पश्चात प्रभु के मोक्ष गमन के प्रतीक स्वरूप मंदिरजी में निर्वाण लाडू चढ़ाया गया। लाडू समर्पित करने के उपरांत महिला मंडल द्वारा संगीतमय मंगल आरती की गई। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर जय पारस, जय जय पारस के जयकारों से गुंजायमान रहा। जैन मान्यताओं के अनुसार भगवान पार्श्वनाथ को सावन शुक्ल सप्तमी के दिन झारखंड स्थित जैन धर्म के सर्वोच्च तीर्थ सम्मेद शिखरजी (स्वर्ण भद्र टोंक) से मोक्ष प्राप्त हुआ था। इस पावन स्थल से 20तीर्थंकरों ने मोक्ष प्राप्त किया है। इस पर्व को मोक्ष सप्तमी और मुकुट सप्तमी के नाम से भी जाना जाता है।धार्मिक अनुष्ठान में मंदिर समिति के पदाधिकारियों सहित समाज के अनुज जैन, पंकज जैन, श्रेयांस जैन, प्रक्षाल जैन, राजेश जैन, नमन जैन, अजय जैन, लवी, केशू, सिद्धार्थ और शशांक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
