रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर : दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित करने, धोखे से नशीला पदार्थ पिलाकर अश्लील वीडियो बनाने और मानसिक-शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने की शिकायत पुलिस को की गई है।पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन में अपने पति सहित ससुराल पक्ष के पांच सदस्यों के खिलाफ तहरीर देकर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ताशीपुर निवासी शिखा शर्मा का विवाह 21 फरवरी 2026 को मुजफ्फरनगर के बधाई कलां निवासी आकाश वत्स के साथ संपन्न हुआ था। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि उन्होंने अपनी हैसियत से बढ़कर सगाई, रिंग सेरेमनी और शादी में लगभग 55 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवर, कीमती कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और छह लाख रुपये नकद दिए गए थे पीड़िता का आरोप है कि शादी के अगले ही दिन से नई दिल्ली की एक आईटी कंपनी में वेब डेवलपर के पद पर कार्य करने वाले पति , सास, ससुर, जेठ और जेठानी कम दहेज का ताना देकर प्रताड़ित करने लगे। आरोपियों ने कहा कि उनका बेटा बी.टेक पास है और उन्हें शादी में थार कार व 50 लाख रुपये नकद चाहिए थे। शादी के दो दिन बाद ही आरोपियों ने धोखे व दबाव से पीड़िता के सभी सोने-चांदी के गहने अपने कब्जे में ले लिए।
तहरीर के अनुसार शादी के बाद पीड़िता को पता चला कि उसके पति के रुड़की निवासी एक अन्य युवती के साथ अवैध संबंध हैं। पीड़िता को अलग-अलग अनजान नंबरों से धमकियां भी मिलने लगीं। पीड़िता का आरोप है कि गुरुग्राम में रहने के दौरान उसका पति रोज रात को शराब पीकर उस पर डांस क्लब जाने का दबाव बनाता था। 20 जून 2026 को पति ने उसे जूस में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया और अचेत अवस्था में फोटो, वीडियो बना लिए। अब आरोपी पति उन वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा है और पीड़िता के नाम पर बड़ा लोन लेने का दबाव बना रहा है। लगातार मारपीट, मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता 9 जुलाई 2026 को अपने मायके ताशीपुर वापस लौट आई। इसके बाद भी ससुराल पक्ष के लोग फोन पर धमकियां दे रहे हैं। पीड़िता ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत की इसके बाद हुई काउंसलिंग में भी मामला नहीं सुलझने के बाद मंगलौर पुलिस ने महिला हेल्पलाइन के निर्देश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
