रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। महिला के साथ दुष्कर्म और लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। वारदात से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया है। पीड़ित पति की तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। गुरुकुल नारसन क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने शुक्रवार की सुबह पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी। पीड़िता के पति का आरोप है कि गुरुवार को दो व्यक्ति उसकी पत्नी को झांसा देकर स्कूटी पर बैठाकर ले गए थे। इसके बाद आरोपी उसे मंगलौर क्षेत्र के एक गांव के पास स्थित जंगल में ले गए जहां उन्होंने महिला के साथ दुष्कर्म किया। पीड़ित व्यक्ति के अनुसार जब उसकी पत्नी ने इस हैवानियत का विरोध किया तो आरोपियों ने आपा खो दिया। उन्होंने डंडों से महिला पर हमला कर दिया और उसकी बेरहमी से पिटाई की जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला के साथ की गई मारपीट का वीडियो किसी ग्रामीण द्वारा बना लिया गया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया गया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि मामला बेहद संजीदा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त हो चुकी है और वायरल वीडियो का भी संज्ञान लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है जल्द ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता को उपचार के लिए मंगलौर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
