रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष व राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद मैदान का कथित शुद्धिकरण किए जाने का मामला अब गर्माता जा रहा है। मामले को लेकर मंगलौर क्षेत्र में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों में भारी रोष है। सोमवार को कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारियों ने थाना कोतवाली मंगलौर पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर को दी गई तहरीर में हरजौली जट निवासी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष संजीव चौधरी ने बताया कि गत 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में दलित समाज से आने वाले राष्ट्रीय नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा आयोजित हुई थी। आरोप है कि इसके दो दिन बाद 10 अगस्त को श्री राम धर्मार्थ सेवा न्यास के अध्यक्ष गिरीश चंद्र पांडेय तथा 15 अन्य अज्ञात लोगों ने एक षड्यंत्र के तहत मैदान में यज्ञ कर और गंगाजल छिड़क कर उसका शुद्धिकरण किया। तहरीर में कहा गया है कि यह कृत्य भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 व 17 का उल्लंघन है तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अधिनियम के तहत संगीन अपराध है। इस घटना से देशभर के अनुसूचित जाति वर्ग और सामाजिक समानता में विश्वास रखने वाले लोगों की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंची है। ब्लॉक अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की गतिविधि से समाज में छुआछूत और अस्पृश्यता को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता के लिए भी खतरा है। मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर को सौंप गई तहरीर में गिरीश चंद्र पांडेय और उनके सहयोगियों के खिलाफ एससी, एसटी एक्ट समेत सुसंगत धाराओं में तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई है। सभी कांग्रेस कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचने से पूर्व हाईवे पर स्थित कांग्रेस कार्यालय पर इकट्ठा हुए और वहां से पैदल जुलूस के रूप में कोतवाली पहुंचे।इस अवसर पर मंगलोर विधायक काजी निजामुद्दीन, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी, नगर पालिका परिषद के पूर्व अध्यक्ष चौधरी इसलाम, नवाज काजमी, गोपाल, बुद्ध प्रकाश, मोनू मन्ना खेड़ी, वेद भूषण, शाहविकार चिश्ती, राजकुमार, अनुज चौधरी, नीटू प्रधान, परवेज आदि उपस्थित रहे।
