रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर । फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्रधानमंत्री आवास योजना की धनराशि हड़पने के मामले में मंगलौर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नगर पालिका कर्मियों से सांठगांठ कर दूसरे की जमीन पर फर्जी गृहकर रसीद बनवाई और योजना का लाभ प्राप्त कर लिया। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच में शिकायत सही मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलौर मोहल्ला बन्दर टोल निवासी फखरूद्दीन अंसारी ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित का आरोप था कि उसकी भूमि और मकान पर देखरेख के लिए रखे गए व्यक्ति ने धोखाधड़ी की नीयत से संपत्ति को अपना बता दिया। आरोपी ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर योजना के तहत वित्तीय लाभ हासिल कर लिया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपी शौकत 55 वर्ष, निवासी इस्लाम नगर मंगलौर ने नगर पालिका के कुछ कर्मचारियों के साथ मिलकर अपनी पत्नी के नाम से फर्जी गृहकर रसीद तैयार करवाई। इसके बाद वादी के मकान को अपना दर्शाकर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आस्सी हजार रूपये की राशि हड़प ली। साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 34 की बढ़ोतरी की। कोतवाली मंगलौर पुलिस टीम ने आरोपी शौकत को इस्लामनगर के पास से गिरफ्तार कर लिया। कस्बा चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले में संलिप्त अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है।
