रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: बिजली चोरी के खिलाफ विद्युत वितरण उपखंड मंगलौर और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने सोमवार को अब तक की बड़ी कार्रवाई की है। क्षेत्र में लगातार मिल रही बिजली चोरी की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए टीम ने ग्राम कुरड़ी औरग्राम लहबोली में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस दौरान 26 लोग सीधे कटिया डालकर बिजली चोरी करते रंगे हाथ पकड़े गए। विभाग सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी कर रहा है। सोमवार को जैसे ही उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी और विजिलेंस की संयुक्त टीम ने गांवों में प्रवेश किया बिजली चोरों में हड़कंप मच गया। लोग धड़ाधड़ घरों की छतों से केबल और कटिया खींचने लगे। जांच में सामने आया कि कई ग्रामीण मुख्य लाइन पर डायरेक्ट कटिया डालकर बेधड़क एसी चला रहे थे और हीटर पर खाना बना रहे थे। छापेमारी अभियान का नेतृत्व उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी और विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से किया। टीम में अवर अभियंता आशीष, अभिषेक, विजिलेंस के सहायक अभियंता धनंजय सिंह, विकास कुमार, अजय सेमवाल, अनिल, अवर अभियंता अनिता काला, सपना, विजिलेंस इंस्पेक्टर मारुत शाह, सरिता शाह और सब-इंस्पेक्टर संजीव त्यागी समेत भारी संख्या में पुलिस बल शामिल रहा।उपखंड अधिकारी अनुभव सैनी ने उपभोक्ताओ से कहा कि बिजली का उपयोग आवश्यकतानुसार करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। एसडीओ अनुभव सैनी ने स्पष्ट किया कि पकड़े गए सभी 26 व्यक्तियों पर विभागीय नियमों के तहत भारी जुर्माना लगाने के साथ-साथ पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी विजिलेंस टीम के साथ मिलकर यह सघन चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
