रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कोतवाली क्षेत्र स्थित एक फैक्ट्री में चोरी की नियत से घुसे चार शातिर बदमाशों में से एक को सतर्क सिक्योरिटी गार्डों ने धर दबोचा जबकि उसके तीन साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। पकड़ा गया आरोपी और उसके फरार साथी स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
उत्तर प्रदेश के जिला सहारनपुर के दुगचाड़ा निवासी रणजीत सिंह ने मंगलौर चौकी प्रभारी को दी तहरीर में बताया कि वह कस्बे की एक फैक्ट्री में कार्यरत हैं। शनिवार 12 सितंबर सुबह लगभग 11 बजे चार अज्ञात बदमाश चोरी के मकसद से जबरन फैक्ट्री परिसर में दाखिल हो गए। बदमाशों को संदिग्ध हालत में घूमते देख तैनात सिक्योरिटी गार्डों ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी की और एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि सिक्योरिटी गार्डों को आता देख उसके तीन अन्य साथी चकमा देकर भागने में सफल रहे।
सुरक्षाकर्मियों की गिरफ्त में आए आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना नाम नदीम निवासी बंदाटोल, मंगलौर बताया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने भागने वाले अपने तीनों साथियों के नामों का भी खुलासा कर दिया। आरोपी के मुताबिक फरार होने वालों में भूरा निवासी बंदाटोल, नीरू निवासी इस्लामनगर और शादाब निवासी बंदाटोल शामिल हैं। फैक्ट्री प्रबंधन और रणजीत सिंह ने पकड़े गए आरोपी को पुलिस के हवाले करते हुए चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि फैक्ट्री प्रबंधन की ओर से तहरीर मिली है। एक आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
