रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कृषि उत्पादन मंडी समिति मंगलौर की टीम ने मंडी क्षेत्रांतर्गत फल और सब्जी का फुटकर व्यापार करने वाले व्यापारियों का निरीक्षण किया। इस कार्यवाही का मुख्य उद्देश्य बाजार में फलों और सब्जियों के दामों में होने वाले अस्वाभाविक उछाल को रोकना और कीमतों को स्थिर बनाए रखना है। उत्तराखंड कृषि उत्पादन मंडी समिति सचिव देवेंद्र त्यागी ने बताया कि महंगाई रोकने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में फल और सब्जी विक्रेताओं के लाइसेंस बनाए जाने और उनके निरीक्षण को लेकर नीति बनाई गई है। इसी क्रम में मंगलोर, नारसन मे झबरेड़ा निरीक्षण के दौरान समिति के अधिकारियों ने सब्जी और फल विक्रेताओं से उनके स्टॉक और खरीद-बिक्री के भावों की जानकारी ली है। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी विक्रेता निर्धारित दरों से अधिक दाम न वसूले। मंडी समिति के सचिव देवेन कुमार ने बताया कि आम जनता को उचित दामों पर फल और सब्जी मिले यह सुनिश्चित करना समिति की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि समिति द्वारा प्रतिदिन के भावों पर पैनी नजर रखी जा रही है और यदि कोई भी विक्रेता अधिक दाम वसूलते हुए पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। बताया कि अभी तक 100 से ज्यादा फल और सब्जी विक्रेताओं के लाइसेंस बनाए जा चुके हैं। मंडी समिति ने मंडी क्षेत्र में सक्रिय फुटकर व्यापारियों को नियमों के दायरे में लाने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। अभियान के तहत, अधिकारियों ने विक्रेताओं को निर्देश दिया कि बिना लाइसेंस के व्यापार करना गैर-कानूनी है।
