रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। मंगलौर क्षेत्र में मोहल्ला इस्लामनगर के समीप स्थित तालाब की भूमि को लेकर चल रहा विवाद के निस्तारण को लेकर मजिस्ट्रेट के आदेशों के अनुक्रम में प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में तालाब की भूमि की पैमाइश की।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम थिथकी निवासी महेश धीमान ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि कुछ प्रभावशाली लोगों द्वारा तालाब की सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। न्यायालय ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए प्रशासन को स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए थे। वहीं दूसरी ओर जिन लोगों पर अवैध कब्जे का आरोप लगा था उन्होंने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है उनका तर्क था कि उन्होंने किसी भी सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं किया है। स्थिति स्पष्ट करने के लिए उन्होंने स्वयं प्रशासन से मांग की थी कि तालाब की पैमाइश कराई जाए ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। बुधवार को राजस्व विभाग की टीम पैमाइश के उपकरण लेकर मौके पर पहुंची। सुरक्षा की दृष्टि से भारी पुलिस बल को भी तैनात किया गया। पैमाइश के दौरान टीम ने पुराने नक्शों और राजस्व अभिलेखों के आधार पर तालाब की सीमाओं का चिह्नीकरण किया। जिन लोगों पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया गया है उनके द्वारा तालाब की पैमाइश करने पहुंचे अधिकारियों से शिकायतकर्ता को भी मौके पर बुलाने का आग्रह किया गया। परंतु शिकायतकर्ता मौके पर नहीं पहुंचा। नायब तहसीलदार युसूफ अली ने बताया कि तालाब की पैमाइश की जा रही है रिपोर्ट बनाकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को सौपी जाएगी। इस अवसर पर सी ओ चकबंदी अनिल कुमार, कानूनगो चकबंदी महमूद, कानूनगौ मनोज कुमार, राजस्व उप निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक चकबंदी अधिकारी यज्ञ नारायण दुबे, अजहरुद्दीन आदि के अलावा अमित धीमान, डॉक्टर कैप्टन राजपाल सिंह, सतीश गुलाटी, आमिर कलीम अंसारी, मोहम्मद असलम, अनुज कुमार, अब्दुल साजिद, सौराज सिंह, मोहम्मद इफ्तिखार आदि मौजूद रहे।

