रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर । स्वच्छ भारत मिशन के संकल्प को साकार करने और समाज के वंचित वर्ग की मदद के लिए नगर पालिका परिषद मंगलौर ने एक सराहनीय पहल की है। गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय के समक्ष नवनिर्मित रिड्यूस रियूज रीसायकल सेंटर का उद्घाटन पालिका अध्यक्ष मोहीउद्दीन अंसारी द्वारा किया गया। इस केंद्र के माध्यम से पुराने सामान को पुनर्चक्रित कर जरूरतमंदों तक पहुँचाया जाएगा। उद्घाटन के दौरान पालिकाध्यक्ष मोहीउद्दीन अंसारी ने कहा कि इस सेंटर का मुख्य उद्देश्य ‘वेस्ट टू वेल्थ’ की अवधारणा को धरातल पर उतारना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपने घरों में पड़े पुराने कपड़े, जूते, किताबें और अन्य उपयोगी वस्तुएं इधर-उधर फेंकने के बजाय इस सेंटर में दान करें। इससे न केवल शहर स्वच्छ रहेगा, बल्कि वह सामान किसी जरूरतमंद के काम आ सकेगा।

अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने सेंटर की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि यह सेंटर प्रत्येक कार्यदिवस पर सुबह 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक खुला रहेगा। सामान दान करने वाले व्यक्तियों का विवरण रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति यहाँ से अपनी आवश्यकता का सामान निःशुल्क प्राप्त कर सकता है। इस मुहिम को गति देने के लिए ईओ उत्तम सिंह नेगी, सफाई निरीक्षक जसवीर सिंह, वरिष्ठ सहायक दीपक शर्मा और वसीम अब्बासी सहित अन्य स्टाफ ने स्वयं विभिन्न सामग्रियां दान कर केंद्र की शुरुआत की। इस अवसर पर ईओ ने नगरवासियों से इस नेक कार्य में पालिका का सहयोग करने का आह्वान किया। उद्घाटन के दौरान पालिका के कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
