रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद रामनगर बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणामों में मंगलौर की एक बेटी ने अपनी सफलता का परचम लहराया था। मंगलौर स्थित केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की छात्रा वैष्णवी ने इंटरमीडिएट परीक्षा के एक विषय शत-प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रदेश मेरिट में 25 वां स्थान प्राप्त करते हुए अपने थिथकी व विद्यालय का नाम रोशन किया था। छात्रा वैष्णवी की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर परिषद की ओर से संबंधित विषय की शिक्षिका सोनिया कौशिक को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। शुक्रवार को रामनगर स्थित बोर्ड कार्यालय में आयोजित एक गरिमामय समारोह में बोर्ड अधिकारियों ने सोनिया कौशिक को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। छात्रा वैष्णवी की इस सफलता से विद्यालय प्रशासन और परिजनों में हर्ष का माहौल है। विद्यालय प्रबंधक डॉ रविंद्र कपूर और प्रधानाचार्या डॉक्टर दीपा सैनी ने बताया कि वैष्णवी शुरू से ही मेधावी छात्रा रही है। उसकी इस सफलता में विषय अध्यापिका सोनिया कौशिक के कुशल मार्गदर्शन और छात्रा की कड़ी मेहनत का बड़ा योगदान है। सम्मान ग्रहण करने के बाद शिक्षिका सोनिया कौशिक ने कहा कि एक शिक्षक के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार उसके विद्यार्थी की सफलता होती है।उन्होंने इस सम्मान के लिए बोर्ड का आभार व्यक्त किया और अन्य छात्राओं को भी कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित किया। मेधावी छात्र-छात्राएं ही देश का भविष्य हैं। वैष्णवी जैसी छात्राओं की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। विद्यालय प्रबंधन और कॉलेज स्टाफ ने शिक्षिका और छात्र को शुभकामनाएं प्रेषित की है।
