रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत अब्दुल कलाम चौक के पास एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना की है। रुड़की के कोर कॉलेज से छुट्टी के बाद अपने घर वापस लौट रही एक युवती के साथ बाइक सवार युवक ने न केवल छेड़छाड़ की, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गायत्री एंक्लेव निवासी युवती गुरुवार की देर शाम कॉलेज से निकलकर ई-रिक्शा में बैठकर अपने घर जा रही थी। जैसे ही वह अब्दुल कलाम चौक के पास पहुँची और ई रिक्शा से उतरकर सड़क पार करते हुए अपने घर जाने लगे वैसे ही एक अज्ञात बाइक सवार युवक ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। युवक ने युवती पर अश्लील फब्तियां कसीं और भद्दे इशारे किए। जब युवती ने इस हरकत का कड़ा विरोध किया तो आरोपी युवक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। युवक द्वारा मारे गए एक जोरदार थप्पड़ के कारण युवती अपना संतुलन खो बैठी और बेहोश होकर सड़क पर गिर गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया। सड़क पर युवती को बेहोश देख वहां से गुजर रहे राहगीर मदद के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों ने युवती को संभाला और उसे उसके घर पहुँचाया। घटना के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए मंगलौर पुलिस को तुरंत सूचना दी गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
