जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। प्रेम विवाह के बाद ससुराल जाने की जिद पर अड़ी एक युवती ने पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में जमकर हंगामा किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवती का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर के थाना पुरकाजी क्षेत्र की रहने वाली युवती ने कुछ समय पूर्व मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर ढाढेकी निवासी एक युवक के साथ प्रेम विवाह किया था। निकाह के बाद वह अपनी ससुराल जाना चाहती है जबकि उसकी ससुराल वाले उसे ले जाने के लिए तैयार नहीं है। इसी समस्या को लेकर वह मंगलवार को मंगलौर कोतवाली पहुंची थी। पुलिस ने युवती की तहरीर पर उसकी ससुराल पक्ष को कोतवाली बुलाने का प्रयास किया परंतु ससुराल वाले देर शाम तक भी कोतवाली नहीं पहुंचे और टाल मटोल करते रहे। देर शाम तक भी जब उसकी ससुराल वाले कोतवाली नहीं पहुंचे तभी युवती ने पुलिस पर सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने युवती को काफी समझाने बुझाने का प्रयास किया। परंतु युवती पुलिस की कोई बात सुनने को तैयार नहीं हुई। इसके बाद पुलिस ने परेशान होकर युवती का शांति भंग की धारा में चालान कर दिया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि युवती कोतवाली में आकर अनावश्यक हंगामा कर रही थी। उसे समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह शांत नहीं हुई। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उसका शांति भंग में चालान किया गया है।
