जागरण समाचार प्रतिनिधि
रुड़की। नारसन ब्लॉक के ग्राम लिब्बरहेड़ी और ग्राम हरचंदपुर के बीच बुधवार सुबह सिंचाई विभाग के शर्की राजबाहे की पटरी अचानक टूट गई। पटरी टूटने से राजबाहें का पानी तेज बहाव के साथ किसानों के खेतों में घुस गया। देखते ही देखते आधा दर्जन से ज्यादा किसानो के खेतों में पानी भर गया।

नारसन ब्लॉक के ग्राम लिब्बरहेड़ी, ग्राम भरतपुर निवासी किसान सोहन पाल, नरेश पाल, प्रमोद, ओमपाल, सुक्रमपाल आदि बुधवार की सुबह अपने खेतों पर पहुंचे तो उन्होंने राजबाहे की पटरी को टुटा हुआ पाया। पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही घंटों में लिब्बरहेड़ी और हरचंदपुर के बीच का कृषि क्षेत्र का काफ़ी हिस्सा जलमग्न हो गया। गेहूं और गन्ने की फसल पूरी तरह पानी में डूब गई। किसानों ने सिंचाई विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। विभाग की ओर से तत्काल मदद न मिलने पर ग्रामीणों ने खुद ही राजबाहे की टूटी पटरी को ठीक करने का प्रयास किया लेकिन पानी का बहाव अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी।
