जागरण समाचार प्रतिनिधि
रुड़की। देर रात शहर के एक अस्पताल में आग लगने से अफरातफरी मच गई। आननफानन में मरीजों को अस्पताल से सुरक्षित बाहर निकला गया। आग से फिजियोथैरेपी मशीन, फर्नीचर, बिजली की वायरिंग समेत लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। दमकल टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर चौक के पास बने विनय विशाल अस्पताल मे शनिवार की रात अचानक से आग लगने से अफरातफरी मच गई। अस्पताल के कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास करते हुए सूचना दमकल कर्मचारियों को दी। सूचना मिलने पर दमकल कर्मचारी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से अस्पताल की पुराने इमरजेंसी की सीलिंग, बिजली की वायरिंग, फर्नीचर फिजियोथैरेपी मशीन समेट अन्य उपकरण जल गए। वहीं मरीजों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। आग से लाखो रुपए का नुकसान होने का अनुमान है। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट से आग लगी है ।
