जागरण समाचार प्रतिनिधि।
रुड़की। आस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी करवाई की है। पुलिस कलियर के दरगाह क्षेत्र में अभियान चलाकर 12 संदिग्ध भेषधारी ढोंगियो को गिरफ्तार किया है। कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न राज्यों उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, दिल्ली और राजस्थान से आए ऐसे व्यक्तियों को पकड़ा गया, जो साधु-संतों का भेष धारण कर आमजन, खासकर महिलाओं और युवाओं को उनकी व्यक्तिगत व घरेलू समस्याओं के समाधान का झांसा देकर अनुचित लाभ लेने का प्रयास कर रहे थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। अभियान के दौरान कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी के साथ उपनिरीक्षक विनोद कुमार गोला, हेड कांस्टेबल रविंद्र बालियान, हेड कांस्टेबल जमशेद अली, कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल सुनील चौहान, कांस्टेबल प्रकाश मनराल और कांस्टेबल सुबोध पुरोहित शामिल रहे।
