रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि ।भगवानपुर। लकेश्वरी इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित, मेसर्स डायमंड टफ ग्लास फैक्ट्री में आग लग गई। आग की यह घटना फैक्ट्री की फोम इंसुलेटेड टीन शेड से बनी छत में हुई, जिसके बाद देखते ही देखते पूरे परिसर से काले धुएं का गुबार और तेज लपटें उठने लगीं। इस घटना से औद्योगिक क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया, राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टला। मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) के माध्यम से भगवानपुर फायर स्टेशन को इस अग्निकांड की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन प्रभारी के निर्देशन में एक फायर यूनिट तुरंत दमकल वाहनों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए मोर्चा संभाला और पंपिंग उपकरणों के जरिए आग बुझाने का सघन अभियान शुरू किया। दमकल विभाग की तत्परता के कारण आग को समय रहते पूरी तरह काबू में कर लिया गया। फायर ब्रिगेड ने आग को छत से नीचे उतरने और फैक्ट्री के अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों व कीमती मशीनों तक फैलने से रोक लिया, जिससे एक बहुत बड़ा आर्थिक नुकसान होने से टल गया।कारणों की जांच जारी,आग पर पूरी तरह काबू पाने और कूलिंग प्रक्रिया पूरी करने के बाद फायर सर्विस यूनिट वापस स्टेशन लौट गई। हालांकि, फोम इंसुलेटेड टीन शेड की छत में आग किन कारणों से लगी, इसका पता अभी नहीं चल पाया है। शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी आशंका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। इस मौके पर दमकल प्रभारी सतपाल सिंह, रणवीर सिंह, दीपक,रणवीर बोनियाल,अजय रावत मौजूद रहे।
