रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। देहरादून में बीते 17 मई को आयोजित हुई तायक्वोंडो स्टेट चैंपियनशिप में डोबोक ताइक्वांडो अकैडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में अकैडमी के 12 खिलाड़ियों ने दमखम दिखाते हुए कुल 8 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक अपने नाम किए। इस शानदार प्रदर्शन के आधार पर विजेता खिलाड़ियों का चयन आगामी जून माह में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता (नेशनल चैंपियनशिप) के लिए हुआ है। चैंपियनशिप में बेहतर खेल प्रदर्शन के दम पर हरिद्वार की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।प्रतियोगिता में मंगलौर के केबल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज की कक्षा 9 की छात्रा तान्या ने जूनियर वर्ग के 44-46 किलोग्राम भार वर्ग में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक (गोल्ड मेडल) हासिल किया। तान्या की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय में खुशी का माहौल है। मंगलवार को विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. दीपिका ने तान्या को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।छात्रा की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रबंधक डॉ. रविंद्र कपूर ने एक और बड़ी सराहनीय घोषणा की है। उन्होंने कहा कि जो भी छात्राएं राज्य स्तरीय या राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में विद्यालय का नाम रोशन करेंगी उनकी विद्यालय की ओर से पूरी फीस माफ की जाएगी। यानी ऐसी होनहार खिलाड़ियों को विद्यालय में बिल्कुल मुफ्त शिक्षा दी जाएगी। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ और स्थानीय खेल प्रेमियों ने तान्या और डोबोक अकैडमी के अन्य सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
