रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
धूमधाम के साथ निकाली गई शोभायात्रा, श्रद्धालुओं ने की पुष्प वर्षा
रुड़की। भगवानपुर कस्बे के प्राचीन हनुमान मंदिर में श्री सालासर बालाजी महाराज की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में भारी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।शोभायात्रा का शुभारंभ हनुमान मंदिर परिसर से पूजा-अर्चना और विधि-विधान के साथ हुआ। इसके बाद बालाजी महाराज के जयकारों के साथ शोभायात्रा खानपुर चौराहा पहुंची। वहां से होते हुए यात्रा संत रविदास मंदिर मार्ग, मुख्य बाजार और भगवानपुर थाना अंडरपास से गुजरी। इसके बाद सर्विस लाइन मार्ग से होते हुए शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से वापस हनुमान मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मुख्य बाजार सहित पूरी यात्रा के मार्ग में स्थानीय दुकानदारों और आम जनता ने जगह-जगह पर यात्रा का और भव्य स्वागत किया। श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए और बालाजी महाराज की आरती उतारी गई। इस पावन अवसर पर कस्बे के अनेक गणमान्य लोगों और सामाजिक संगठनों द्वारा मार्ग में स्टॉल लगाकर श्रद्धालुओं को शीतल जल, फल और विशेष प्रसाद का वितरण किया गया। भक्ति गीतों पर झूमते श्रद्धालुओं के उत्साह ने पूरे वातावरण को आनंदमय बना दिया।इस मौके पर मुख्य रूप से पंडित जगन्नाथ सेमवाल, आकाशदीप, सागर अग्रवाल, तरुण बंसल, अरुण, पवन वर्मा, सिवांश अग्रवाल, सुरेश सैनी, संदीप, अभिषेक, भानु त्यागी, प्रियांशु सिंघल, ऋषभ अग्रवाल, शौर्य शर्मा, अक्षत त्रिपाठी सहित भारी संख्या में मातृशक्ति और क्षेत्र के श्रद्धालु मौजूद रहे। मंदिर समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी नगरवासियों का आभार व्यक्त किया ।
