रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
इमलीखेड़ा में जल खंडित होने पर भड़के कांवड़िए, मारपीट के बाद मचा हंगामा।
पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा बवाल, घायल युवक को अस्पताल भेजा कांवड़ियों को दोबारा हरकी पैड़ी भेजकर भरवाया गंगाजल
रुड़की । कांवड़ यात्रा के दौरान इमलीखेड़ा चौकी क्षेत्र के दरियापुर में गंगाजल खंडित होने को लेकर उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक युवक के पैर लगने से कांवड़ असंतुलित होकर गिर गई। गंगाजल खंडित होने से आक्रोशित कांवड़ियों और स्थानीय युवक के बीच कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। देखते ही देखते मौके पर तनाव का माहौल बन गया और अफरा-तफरी मच गई। दरियापुर के पास यह घटना हुई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है बताया गया कि एक स्थानीय युवक का पैर कांवड़ से लग गया, जिससे कांवड़ असंतुलित होकर नीचे गिर गई और उसमें रखा गंगाजल खंडित हो गया। घटना से नाराज कांवड़िए युवक से भिड़ गए और उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को संभाला। इस दौरान स्थानीय लोगों ने घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की तत्परता के चलते विवाद को और अधिक बढ़ने से रोक लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल, सीओ सुमित पांडेय, कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रियों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कांवड़ियों की धार्मिक भावना का सम्मान करते हुए समाधान निकाला। पुलिसकर्मी को एक कांवड़ यात्री के साथ हरकी पैड़ी भेजा गया, जहां से दोबारा गंगाजल भरवाया गया। हरकी पैड़ी से गंगाजल लाने के बाद कांवड़ को पुनः स्थापित कराया गया और कांवड़ यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और अधिकारियों की समझदारी से मामला शांत हुआ। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि एक युवक का पैर लगने से गंगाजल खंडित हुआ था जिसके बाद मारपीट की घटना हुई। मारपीट में एक युवक घायल हुआ है। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। कांवड़ियों को समझाकर दोबारा गंगाजल उपलब्ध कराया गया और उन्हें सकुशल उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
