रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: कस्बे और देहात क्षेत्र में बेखौफ घूम रहे बाइक चोरों ने दो अलग-अलग स्थानों से दो दुपहिया वाहनों पर हाथ साफ कर दिया। पहली घटना गुरुवार की रात हाईवे की है जहां कांवड़ यात्रा देखने आए एक ग्रामीण की बाइक चोरी हो गई। वहीं दूसरी वारदात कस्बे में ही एक दुकान के बाहर से अंजाम दी गई। दोनों पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ग्राम झबीरण निवासी सतीश गुरुवार की रात अपने परिवार के साथ हाईवे पर चल रही कांवड़ यात्रा देखने के लिए आया था। उसने अपनी बाइक सड़क किनारे खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो बाइक गायब मिली। काफी खोजबीन के बाद भी वाहन का कोई सुराग नहीं लग सका। वहीं दूसरी घटना में मंगलौर कस्बे स्थित नगर पालिका परिषद कार्यालय के सामने से एक दुकान के बाहर खड़ी बाइक को अज्ञात चोर उड़ा ले गए। पीड़ित दुकानदार मुहल्ला पठानपुरा निवासी अली अख्तर जब अपना काम निपटाकर बाहर आया तो वाहन नदारद देखकर उसके होश उड़ गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर भी चोरों का पता नहीं चल सका। दोनों पीड़ितों ने मंगलौर कोतवाली पहुंचकर मामले की लिखित तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कर ली जाएगी।
