रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
रूडकी। औषधि नियंत्रण विभाग की टीम ने रुड़की एवं झबरेड़ा क्षेत्र में स्थित मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया. इस दौरान अनियमितता मिलने पर आठ मेडिकल स्टोर का क्रय विक्रय रोकने के साथ ही उनके लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति भी की गई है मंगलवार को औषधि निरीक्षक हरीश सिंह, औषधि निरीक्षक हार्दिक भट्ट और औषधि निरीक्षक अमित कुमार आजाद की टीम ने यह अभियान चलाया. टीम ने मेडिकल स्टोरों पर औषधियों के क्रय-विक्रय अभिलेख, एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव एवं फार्मासिस्ट की उपस्थिति का अवलोकन किया. अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर संचालकों को बिना चिकित्सक के वैध प्रिस्क्रिप्शन के शेड्यूल्ड एवं नारकोटिक दवाओं की बिक्री नहीं करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी गई. आमजन को 24 घंटे आवश्यक जीवनरक्षक दवाएं उचित मूल्य पर उपलब्ध कराने और पर्याप्त स्टॉक रखने के लिए भी निर्देशित किया गया। टीम ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
