रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: क्षेत्र अंतर्गत कावड़ पटरी के पास मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गंगनहर के किनारे घनी झाड़ियों में एक महिला का रक्तरंजित शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से महिला की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी और शव को झाड़ियों में छिपाकर मौके से फरार हो गए। सुबह करीब 10 बजे गंगनहर पटरी से गुजर रहे राहगीरों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने तत्काल घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल को सील किया और फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच के दौरान मृतका के शव के पास ही कपड़ों से भरा एक थैला बरामद हुआ है। थैले की तलाशी लेने पर उसमें महिला के कपड़ों के साथ-साथ एक पुरुष की जींस और शर्ट भी मिली है। उन पर भी खून लगा हुआ था कपड़ों के थैले की बरामदगी से अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतका किसी परिचित व्यक्ति के साथ कहीं यात्रा पर निकली थी। आशंका है कि किसी बात को लेकर हुए विवाद के बाद साथ मौजूद व्यक्ति ने ही वारदात को अंजाम दिया और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को नहर किनारे झाड़ियों में फेंक दिया।मृतका की उम्र लगभग 40 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन प्राथमिक स्तर पर महिला की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पहचान और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस आसपास के कोतवाली और थानों से हाल ही में दर्ज हुई महिलाओं की गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है। इसके साथ ही कावड़ पटरी और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि मृतका और उसके साथी के संबंध में सुराग मिल सके। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल का कहना है कि गंगनहर किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिला है जिसकी गला रेतकर हत्या की गई है। शव को शिनाख्त के लिए रुड़की सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। आसपास के इलाकों में गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल की जा रही है और पुलिस की टीमें गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही घटना का अनावरण कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
