रिपोर्ट– जागरण समाचार प्रतिनिधि
अवैध खनन-भंडारण पर प्रशासन सख्त, ‘हरे कृष्णा स्टोन क्रेशर’ की अनुज्ञप्ति निलंबित
बेहट। खनिज विभाग ने अवैध खनन और भंडारण के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। छापेमारी के दौरान अनियमितता पाए जाने पर तहसील बेहट के ग्राम असलमपुर बरथा स्थित ‘मैसर्स हरे कृष्णा स्टोन क्रेशर’ की भंडारण अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही, क्रेशर संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
खान निरीक्षक द्वारा 14 जून की सुबह लगभग 06:50 बजे क्रेशर का औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान वहां दो ओवरलोड ट्रक (HR58F-4564 और UP15FT-1940) मिले, जिनका मौके पर ही ऑनलाइन चालान किया गया। इन ट्रकों को बाद में क्रेशर के पार्टनर प्रवीण कुमार वर्मा की सुपुर्दगी में दे दिया गया।
जांच टीम को क्रेशर की बिल्डिंग के पीछे 8120 घन मीटर उपखनिज (आरबीएम) का अवैध भंडारण मिला। इस भंडारण से राज्य सरकार को 82,95,200 रुपये के राजस्व की हानि हुई है। क्रेशर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालने पर यह पुष्टि हुई कि वाहनों के जरिए ओवरलोड उपखनिज की निकासी की जा रही थी। इस गंभीर अनियमितता पर विभाग ने 18 जून को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मई तक 178 वाहनों पर जुर्माना, 3 पर एफआईआर दर्ज हुई हैं
खनिज विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, प्रशासन अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है।
मई 2026 तक अवैध परिवहन करने वाले 178 वाहनों से 73.57 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है। अवैध खनन से 319.68 लाख रुपये का राजस्व अर्जित किया गया है। अवैध खनन और परिवहन के 3 मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित टास्क फोर्स अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध निरंतर अभियान चला रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कठोरतम कार्रवाई जारी रहेगी।
