रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
शाकंभरी देवी पहुंचे कांग्रेस सांसद इमरान मसूद व एमएलसी शाहनवाज खान
बाढ़ से हुए नुकसान का लिया जायजा, मृतक परिवारों के प्रति संवेदना की व्यक्त
बेहट। सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर के समीप शाकंभरी खोल (नदी) में अचानक आए तेज जलप्रवाह से हुई दर्दनाक घटना के बाद शुक्रवार को सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद और एमएलसी शाहनवाज खान मौके पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने मंदिर परिसर तथा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर नुकसान का जायजा लिया और घटना में जान गंवाने वाली महिलाओं के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
बता दे कि गुरुवार देर रात अचानक नदी में तेज बहाव आने से सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई थी। इस दौरान दर्जनों वाहन पानी के तेज बहाव में बह गए थे, जबकि दो महिलाओं की मौत हो गई थी। घटना के बाद से ही प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। शुक्रवार को मौके पर पहुंचे सांसद इमरान मसूद ने कहा कि यह बेहद दुखद और चिंताजनक घटना है। उन्होंने प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को गंभीरता से लेते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि शाकंभरी देवी मंदिर में दूर-दराज राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना आवश्यक है।
एमएलसी शाहनवाज खान ने भी घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि प्रशासन को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखनी चाहिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की और कहा कि ऐसी आपदा की स्थिति में राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। दोनों नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों से बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। साथ ही श्रद्धालुओं से भी प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और नदी व जलप्रवाह वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की। इस दौरान रागिब अंजुम, संदीप चौधरी, डॉ. माजिद अली, केपी सिंह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
