रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
शाकंभरी देवी मंदिर के कपाट 31 मई तक रहेंगे बंद, मौसम खराब होने के चलते मंदिर व्यवधापक और प्रशासन ने लिया फैसला
बेहट। सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर परिसर में आई तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण नदी का जलस्तर बढ़ने से हुए नुकसान एवं जनहानि के बाद मंदिर प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। खराब मौसम के मद्देनजर मंदिर के कपाट 29 मई से 31 मई तक बंद रहेंगे।
शुक्रवार को सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर के व्यवस्थापक आदित्य प्रताप राणा ने एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिद्धपीठ मां शाकंभरी देवी मंदिर के कपाट 29 मई 2026 से 31 मई 2026 तक बंद रहेंगे। मंदिर व्यवस्थापक आदित्य प्रताप राणा ने बताया कि गुरुवार की रात को अचानक मौसम खराब होने और भारी वर्षा के चलते मंदिर क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ। वहीं मौसम विभाग द्वारा भी खराब मौसम की चेतावनी जारी की गई है। ऐसे में दर्शनार्थियों को होने वाली परेशानियों और किसी संभावित हादसे को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है। व्यवस्थापक राणा आदित्य प्रताप सिंह द्वारा जारी सूचना में कहा गया है कि श्रद्धालु मौसम विभाग और शासन-प्रशासन की गाइडलाइन का पालन करें तथा अनावश्यक रूप से मंदिर क्षेत्र की ओर न जाएं। मंदिर प्रशासन के अनुसार यदि मौसम सामान्य रहा तो मंदिर को 1 जून 2026 से पुनः श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
