रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर।देवबंद मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात बदमाश सेल्समैन के साथ मारपीट करते हुए बिक्री के 25300 रुपए व अन्य जरूरी दस्तावेज लूटकर फरार हो गए। कोतवाली लक्सर क्षेत्र के ग्राम संघीपुर निवासी मन्नान ने मंगलौर कोतवाली पुलिस में तहरीर देकर बताया किपीड़ित मंगलौर देवबंद रोड पर उनका नाज फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। 26 मई की रात करीब 11:35 बजे एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। पंप पर पहुंचते ही बदमाशों ने वहां मौजूद सेल्समैन अनवर को घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट शुरू कर दी। बदमाशों ने अनवर की जेब में रखे तेल बिक्री के 25,300 और उसका आधार कार्ड लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर देवबंद की तरफ तेजी से भाग निकले। पेट्रोल पंप मालिक मन्नान के अनुसार पूरी वारदात पंप परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बदमाश सेल्समैन के साथ हाथापाई करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। मंगलौर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि घटना की सूचना के बाद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद घटना के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।
