रिपोर्ट – जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। गुरुकुल नारसन क्षेत्र के ग्राम टिकौला कलां में पुरानी रंजिश के चलते एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडों, धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के दौरान अवैध तमंचे से फायरिंग भी की गई, जिसमें पीड़ित बाल-बाल बच गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली की गुरुकुल नारसन पुलिस चौकी के ग्राम टिकौला कलां निवासी अंकुल कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि गांव के ही कुछ लोग उनसे पुरानी रंजिश रखते हैं। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते बीते 26 मई की सुबह करीब 10 बजे गांव के प्रविन्द्र, रविन्द्र उर्फ कल्लू, अनुज, अमित, विनोद, पोपिन, आकाश, मोनू और रोहित समेत कई लोग डंडे, धारदार हथियार और अवैध तमंचा लेकर उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने घर में घुसते ही जान से मारने की नीयत से गाली-गलौच शुरू कर दी और वहां मौजूद अंकुल, अजीत, विकास कुमार, राहुल, नीटू, मुनेश, रोहित और सौराज पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों में शामिल प्रविन्द्र ने अंकुल व अजीत को जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी और दोनों बाल-बाल बच गए अचानक हुए इस हमले और शोर-शराबे की आवाज सुनकर मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से भाग खड़े हुए। भागते समय आरोपियों ने पीड़ित परिवार को दोबारा मौका मिलने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना में अंकुल और अजीत को गंभीर चोटें आई हैं जिन्हें रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को पीड़ित अंकुल कुमार और तरुण कुमार ने कोतवाली मंगलौर पहुंचकर पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
