रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। इंडियन प्रीमियर लीग क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगवाने वाले एक शातिर सटोरिए को मंगलौर कोतवाली पुलिस ने मलकपुरा पीठ बाजार के पास से रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो महंगे स्मार्टफोन तथा डेढ़ हजार रूपये बरामद किए हैं।
मंगलौर कस्बा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नितिन सिंह बिष्ट पुलिस टीम के साथ शुक्रवार की देर शाम क्षेत्र में शांति व्यवस्था व संदिग्धों की चेकिंग के लिए गश्त पर थे। इसी दौरान हैदरी चौक के सूचना मिली कि मलकपुरा निवासी शाहबाज अंसारी आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने का बड़ा नेटवर्क चला रहा है। वह इस समय मलकपुरा पीठ के पास एक मकान के बाहर कुछ लोगों से सट्टा लगवा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची तभी पुलिस को देख कुछ लोग भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया जबकि उसके अन्य साथी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पूछताछ के दौरान हिरासत में आए युवक ने अपना नाम शाहबाज अंसारी निवासी मोहल्ला मलकपुरा, मंगलौर बताया। पुलिस ने जब शाहबाज की तलाशी ली, तो उसके पास से दो मोबाइल और डेढ़ हजार रूपये नगद बरामद हुए। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया है।
——-
मंगलौर। पूछताछ में शाहबाज ने कुबूल किया कि वह रामपुर (रुड़की) निवासी मुख्य सट्टा बुकी जीशान के लिए काम करता है। जीशान ने ही उसे इस वेबसाइट की आईडी और पासवर्ड 5 प्रतिशत कमीशन पर दे रखा था। वह सटोरियों से डिजिटल और नकद भुगतान लेकर पूरा पैसा जीशान को ट्रांसफर करता था।उपनिरीक्षक नितिन सिंह बिष्ट ने बताया कि सट्टे के अवैध पैसे के लेन-देन में इस्तेमाल होने वाले शाहबाज के सभी बैंक खातों को सीज करने के लिए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।तथा मुख्य आरोपी जीशान की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
