- रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। देवबंद मार्ग पर स्थित एक पेट्रोल पंप पर देर रात बाइक सवार तीन बदमाशों द्वारा सेल्समैन के साथ मारपीट करते हुए नकदी व जरूरी दस्तावेज लूटने के एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों के नाम पुलिस को बताए हैं.
लक्सर क्षेत्र के ग्राम संघीपुर निवासी मन्नान ने मंगलौर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि देवबंद रोड पर उनका नाज फिलिंग स्टेशन नाम से पेट्रोल पंप है। 26 मई की रात करीब 11:35 बजे एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे और पंप पर आते ही बदमाशों ने वहां मौजूद सेल्समैन अनवर को घेर लिया और उसके साथ गाली-गलौज व मारपीट करते हुए सेल्समैन अनवर की जेब में रखे तेल बिक्री के 25,300 रुपये और उसका आधार कार्ड व अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर देवबंद की तरफ तेजी से फरार हो गए थे। पूरी वारदात परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी जिसमें बदमाश सेल्समैन के साथ हाथापाई करते हुए साफ नजर आ रहे हैं। मंगलौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की तलाश शुरू की तभी शुक्रवार की देर शाम कोतवाली क्षेत्र के अब्दुल कलाम चौक से आगे भगवानपुर-चंदनपुर जाने वाले मार्ग से एक संदिग्ध युवक को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी ने पूछताछ में अपना नाम अंकुश उर्फ भोंदू निवासी ग्राम नजरपुरा बताया। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर पेट्रोल पंप के सेल्समैन से अंजाम देने की बात स्वीकार की पुलिस ने उसके पास से 3,700 रुपये बरामद किये। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में अंकुश उर्फ भोंदू ने अपने एंड साथियों के नाम भी पुलिस को बताए हैं। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने बताया कि लूट की घटना में शामिल अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
