रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली परिसर के बाहर रखा विद्युत ट्रांसफार्मर अचानक खराब हो जाने से पुलिसकर्मियों के परिवारों और सरकारी कार्यों पर भारी असर पड़ा है। भीषण और चिलचिलाती गर्मी के बीच बिजली गुल होने से जहां एक ओर सरकारी कामकाज बाधित रहा, वहीं दूसरी ओर परिसर में रह रहे परिवारों को पूरी रात भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी आने के कारण पूरे कोतवाली परिसर की बत्ती बत्ती गुल हो गई। उमस और चिलचिलाती गर्मी के कारण बैरक और सरकारी आवासों में रह रहे पुलिसकर्मियों के परिवारों, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को जागकर रात काटनी पड़ी। बिजली आपूर्ति ठप होने का सीधा असर पानी की सप्लाई पर भी देखने को मिला। सुबह के समय कोतवाली परिसर में रहने वाले परिवारों के सामने पीने और खाना बनाने के पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया। पुलिसकर्मी सुबह से ही पानी के इंतजाम के लिए परेशान नजर आए। बिजली न होने के कारण सिर्फ रिहायशी इलाके ही नहीं, बल्कि कोतवाली का कार्यालय भी प्रभावित रहा। कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बंद रहने के कारण पुलिस के कई महत्वपूर्ण और सरकारी दस्तावेज संबंधी कार्य समय पर पूरे नहीं हो सके। समाचार लिखे जाने तक विद्युत विभाग द्वारा ट्रांसफार्मर को बदलने या मरम्मत करने का कोई प्रयास नहीं किया गया था।
