रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। शिक्षा विभाग हरिद्वार और अलोहोमोरा एजुकेशन फाउंडेशन की साझा पहल करियरशाला के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मंगलौर में स्कूल के बाद-करियर संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान 12वीं पास छात्राओं को भविष्य की राह चुनने सही कोर्स व कॉलेज का चयन करने और विभिन्न स्कॉलरशिप योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनकी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं के अनुसार करियर का सही निर्णय लेने में मदद करना था। संवाद कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विशेष करियर कार्ड्स के माध्यम से 12 विभिन्न सेक्टर्स की जानकारी दी गई। इनमें मुख्य रूप से आईटीआई और पॉलिटेक्निक, पैरामेडिकल और इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी फैशन डिजाइनिंग व अन्य जॉब ओरिएंटेड कोर्सेज शामिल रहे। छात्राओं ने इन सेक्टर्स से जुड़े स्थानीय कॉलेजों, कोर्स की अवधि, फीस, पात्रता और भविष्य में रोजगार के अवसरों को गहराई से समझा। सत्र के दौरान छात्राओं ने करियर को लेकर अपनी जिज्ञासाएं और उलझनें खुलकर सामने रखीं। छात्राओं के मुख्य सवाल 12वीं के बाद क्या करें? डिग्री कोर्स बेहतर है या डिप्लोमा, सही स्किल इंस्टीट्यूट का चयन कैसे करें, और आर्थिक सहायता के लिए स्कॉलरशिप फॉर्म कैसे भरें, जैसे विषयों पर केंद्रित रहे। करियर एक्सपर्ट्स ने सभी सवालों के जवाब देकर छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया जिससे उनके आत्मविश्वास में बढ़ोतरी देखी गई। यह कार्यक्रम जिला हरिद्वार के राजकीय व सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को करियर संबंधी सही निर्णय लेने और उच्च शिक्षा के अवसरों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रतिबद्ध है। करियर संवाद कार्यक्रम मे करियरशाला हरिद्वार टीम के प्रोग्राम मैनेजर ज़ीशान ग़ज़ाली और सिमरन सिंह ने प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्कूल की प्रभारी प्रधानाचार्या बरखा मित्तल, करियरशाला शिक्षक गरिमा समेत विद्यालय के अन्य शिक्षकों का विशेष सहयोग रहा।
