रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। आगामी बकरीद के त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए रविवार को कोतवाली मंगलौर परिसर में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक की मौजूदगी में आयोजित बैठक में सर्वसमाज के धर्मगुरुओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में सभी ने एक-स्वर में त्योहार को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी मंगलौर अभिनय चौधरी ने कहा कि त्योहार आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हैं। ईद के दौरान क्षेत्र में अमन-चैन कायम रखना और कानून व्यवस्था का पालन करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से किए जा रहे सुरक्षा इंतजामों की जानकारी दी और स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भगवान महर ने उपस्थित लोगों से संवाद करते हुए कहा कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करता है तो तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दें। बैठक में उपस्थित विभिन्न गांवों और मोहल्लों के गणमान्य व्यक्तियों व धर्मगुरुओं ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में हमेशा की तरह इस बार भी ईद का पर्व शांति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। सभी ने पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वाले शरारती तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर कस्बा नंदूरा चौकी प्रभारी अशोक शिरस्वाल, मंगलौर कस्बा चौकी प्रभारी नवीन बिष्ट, उप निरीक्षक वीरपाल, उपनिरीक्षक राकेश डिमरी, उप निरीक्षक बरजिंदर सिंह नेगी, महिला उपनिरीक्षक नीलम, महिला अपर उपनिरीक्षक ललिता, मंगलौर नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी, इरशाद अहमद, अहसान, फरमान खान, बाबू मेंबर, नंदकिशोर, पप्पू कश्यप, सुमित कश्यप, लाल सिंह, रकम सिंह आदि मौजूद रहे।
