रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र के लोगों को अब सिर में गंभीर चोट या अन्य आपातकालीन स्थितियों में सीटी स्कैन कराने के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। मंगलौर स्थित कपूर मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में आधुनिक सीटी स्कैन सेवा की शुरुआत कर दी गई है। इस सुविधा के शुरू होने से स्थानीय और ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को समय पर और विश्वस्तरीय इलाज मिल सकेगा। हॉस्पिटल प्रबंधन के अध्यक्ष डॉ. रवींद्र कपूर ने बताया कि अस्पताल में स्थापित की गई सीटी स्कैन मशीन पूरी तरह से अत्याधुनिक है। सामान्य तौर पर इस्तेमाल होने वाली कई मशीनों में सीटी स्कैन के दौरान केवल 6 से 8 स्लाइस (इमेज) ही निकल पाती हैं, जिससे बारीक चोटों का पता लगाना मुश्किल होता है। इसके विपरीत,अस्पताल की इस नई मशीन से सिर की बारीक से बारीक जांच के बाद 16 स्लाइस निकलेंगी। जिससे डॉक्टर सटीक डायग्नोसिस कर सकेंगे। लंबे समय से क्षेत्र में सीटी स्कैन की सुविधा न होने के कारण सिर की चोट वाले मरीजों को दूसरे शहरों में ले जाना पड़ता था जिससे कई बार कीमती समय बर्बाद हो जाता था। अब मंगलौर में ही यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस सुविधा के मंगलौर में शुरू होने से समय और पैसे दोनों की ही बचत होगी। गंभीर हादसों के वक्त मरीजों को तुरंत सीटी स्कैन की जरूरत होती है। अब स्थानीय स्तर पर ही 24 घंटे यह सेवा उपलब्ध होने से न सिर्फ मरीजों का समय बचेगा, बल्कि गंभीर स्थिति में उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार और सही दिशा में इलाज मिल पाना संभव होगा।
