रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला सामने आया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ठसका निवासी महिला ने पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके पति को शराब की लत लगाकर धोखे से अनुबंध की जगह जमीन का बैनामा करा लिया गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ठसका निवासी कमलेश ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके परिवार के पास गांव में ही मामूली सी कृषि भूमि है जिससे पूरे परिवार का गुजर-बसर होता है। आरोप है कि ग्राम पाडली गुर्जर निवासी कैहर सिंह ने करीब साल भर पहले उसके पति से दोस्ती की। वह अक्सर उनके घर आता-जाता था। कैहर सिंह ने उसके पति को शराब का सेवन कराकर अपनी बातों में फंसा लिया और जमीन बेचने के लिए तैयार किया। पीड़िता के अनुसार, कैहर सिंह ने जमीन का सौदा 49.80 लाख रुपये में तय किया था और कहा कि अनुबंध के समय 5 लाख रुपये देगा। आरोप है कि 26 दिसंबर 2025 को वह पीड़िता के पति को नशे की हालत में तहसील ले गया। वहां अनुबंध की जगह पूरी संपत्ति का बैनामा ललित मोहन त्यागी के नाम करा दिया। तहरीर में बताया गया कि आरोपी ने पीड़िता के पति के नाम पर एक़ बैंक में खाता खुलवाया जिसमें अपना मोबाइल नंबर दर्ज करा दिया। बैनामे में दर्शाए गए 18 लाख रुपये इसी खाते में आए जिसमें से साढ़े बारह लाख रुपये कैहर सिंह ने अपनी पत्नी सोनी उर्फ सोनिया के खाते में और एक लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। आरोपी ने पासबुक, एटीएम और चेकबुक भी अपने पास ही रख ली। शक होने पर जब पीड़िता ने आरोपी से संपर्क किया तो उसने गुमराह करने के लिए एक़ अन्य बैंक के 20 लाख और 22 लाख रुपये के दो चेक थमा दिए। जांच करने पर पता चला कि आरोपी के खाते में मात्र 500 रुपये ही थे। जब पीड़िता ने कानूनी कार्रवाई की बात कही तो आरोपी के पिता राम कुमार व भाई जोनी ने लिखित आश्वासन दिया लेकिन समय बीतने पर भी न जमीन वापस की और न ही पैसे दिए। अब आरोपी पक्ष पीड़िता के परिवार को जान-माल की धमकी दे रहा है। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कैहर सिंह, उसके पिता राम कुमार, भाई जोनी, पत्नी सोनिया, जगपाल और ललित मोहन त्यागी ने एक गिरोह बनाकर इस पूरी साजिश को अंजाम दिया है। मंगलौर पुलिस ने पीड़ित महिला की तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
