रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुमराडी में पानी लेने गए एक दुकानदार को बंधक बनाकर लोहे के सरिये, लाठियों और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई। मारपीट में दुकानदार को गंभीर चोटें आई हैं। पीड़ित ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कुमराडी निवासी देव कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गांव में ही दवाई की दुकान चलाता है। बीते एक जून की दोपहर करीब दो बजे उसकी दुकान पर एक ग्राहक आया, जिसने पानी मांगा। वह पानी लेने के लिए दुकान के सामने स्थित अनुज के घर की तरफ गया। घर का दरवाजा खुला देखकर उस ने आवाज लगाकर पानी लेने की बात कही, जिस पर अनुज ने हामी भर दी पीड़ित का आरोप है कि जैसे ही वह पानी लेने के लिए घर के अंदर दाखिल हुआ, अनुज ने अचानक मुख्य गेट बंद कर दिया। इसके बाद घर के कमरों से उसका पूरा परिवार बाहर आ गया और उस पर लाठी-डंडों से टूट पड़ा आरोप है कि अनुज ने लोहे के सरिये से उसके सिर व शरीर पर वार किया, जबकि उसके चाचा नगिन्ना ने लाठियों और मनोज कुमार ने लात-घूंसों व थप्पड़ों से उसे बेरहमी से पीटा। इस दौरान अनुज की पत्नी ने भी उसके साथ मारपीट की।
बेरहमी से हो रही पिटाई के कारण वह लहूलुहान होकर बेहोश होने लगा शोर सुनकर पास में ही मौजूद ग्रामीण मौके पर दौड़े। उन्होंने किसी तरह घर का गेट खुलवाया और उसे हमलावरों के चंगुल से मुक्त कराया। पीड़ित का कहना है कि जब ग्रामीण उसे बचाकर ले जा रहे थे तब आरोपी मनोज कुमार ने उसे मौका मिलने पर देख लेने की धमकी दी। मंगलौर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
