रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगलाचीना निवासी एक बुजुर्ग ने पोती का रिश्ता तय होने के बाद लड़के वालों पर ऐन वक्त पर दहेज में मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये नगद मांगने का आरोप लगाया है। मांग पूरी न होने पर आरोपी सगाई समारोह में नहीं आए जिससे पीड़ित परिवार को मानसिक आघात लगा और समाज में बदनामी झेलनी पड़ी।पुलिस द्वारा सुनवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगलाचीना निवासी बुजुर्ग तेल्लूराम ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने अपनी 18 वर्षीय पोती का रिश्ता पास के ही गांव कगवाली निवासी अक्षय से तय किया था। दोनों परिवारों की सहमति के बाद बीती 6 अप्रैल को सगाई व शादी की बात पक्की हुई थी, जिस पर पीड़ित ने करीब 20 हजार रुपये खर्च किए। आरोप है कि लड़के वालों ने 10 अप्रैल को 50 लोगों के साथ सगाई के लिए आने की बात कही थी। पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने तय तारीख को टेंट लगवाकर करीब 100 लोगों के खाने-पीने का इंतजाम किया और पूरे गांव में लड्डू बांटे। जब पीड़ित ने लड़के के पिता राजवीर को फोन कर आने का समय पूछा, तो आरोपियों ने साफ कह दिया कि उन्हें दहेज में एक मोटरसाइकिल और व्यवसाय के लिए दो लाख रुपये नगद चाहिए। जब पीड़ित ने इतनी बड़ी रकम और बाइक देने में असमर्थता जताई तो आरोपियों ने आने से साफ मना कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि इस घटना से उनकी पोती सदमे में है और गांव में उनकी भारी बदनामी हुई है। उन्होंने 25 अप्रैल को मंगलौर कोतवाली और 5 मई को एसएसपी हरिद्वार को डाक द्वारा शिकायत भेजी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक-हारकर अब पीड़ित ने न्यायालय के आदेश पर आरोपियों अक्षय, राजवीर और नैनो निवासी ग्राम कगवाली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
