रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने एक युवक को अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी सोशल मीडिया पर तमंचे के साथ वीडियो वायरल करने के मामले में भी वांछित चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए कोर्ट में पेश कर दिया है।
मंगलौर कोतवाली की कस्बा लंढोरा पुलिस चौकी हेड कांस्टेबल शूरवीर सिंह और कांस्टेबल मनीष कुमार क्षेत्र में शांति व्यवस्था व संदिग्धों की चेकिंग के लिए गश्त पर थे। सूचना मिली कि थिथौला से अकबरपुर माजरी जाने वाले रास्ते पर एक युवक अवैध हथियार के साथ खड़ा है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मौके से घेराबंदी कर युवक को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सागर उर्फ माथा निवासी ग्राम गाधारौणा बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक 12 बोर का देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह लोगों पर रौब गालिब करने के लिए तमंचा रखता था। हाल ही में उसका तमंचे के साथ एक वीडियो भी व्हाट्सएप पर वायरल हुआ था जिसकी उसने पुष्टि की है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी का चालान कर दिया है।
