रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। ब्लॉक नारसन के सभागार में शुक्रवार को जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविंद्र चौधरी मौजूद रहे।

इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी और उनका लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर का शुभारंभ करते हुए ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसके लिए इस तरह के शिविरों का आयोजन बेहद जरूरी है ताकि ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे सभी विभागों की योजनाओं की जानकारी मिल सके। शिविर में पहुंचे विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जागरूक किया। मनरेगा ए डी ओ अमित राठी ने ग्रामीण विकास और मनरेगा के तहत मिलने वाले रोजगार व गाइडलाइंस की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि मनरेगा का नाम बदलकर वी वी जी राम जी कर दिया गया है जिसमें 100 दिन की मजदूरी को बढ़ाकर 125 कर दिया गया है। इसके अंतर्गत आने वाली योजनाओं में भी विस्तार किया गया है। स्वास्थ्य कर्मियों ने आयुष्मान कार्ड और केंद्र व राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को जागरूक किया। महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन सहित बालिकाओं के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पवन कुमार सैनी, उपखंड विकास अधिकारी चंद्रशेखर भट्ट, ए डी ओ समाज कल्याण शुभम कुमार, ए डी ओ पंचायत बलराज सिंह, मनोज त्यागी, संदीप खतरियाल, रेखा रानी के अलावा ग्राम प्रधान और समूह से जुड़ी महिला मौजूद रही।
