रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। क्षेत्र के ग्राम मुंडलाना में पुरानी रंजिश के चलते दबंगों ने एक घर में घुसकर युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे प्राथमिक उपचार के बाद देहरादून हायर सेंटर रेफर किया गया है। पीड़ित पिता ने पांच पड़ोसियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
मंगलौर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में मुंडलाना निवासी आस मोहम्मद उर्फ छोटा ने बताया कि बीती 6 जून की सुबह करीब 8 बजे उनका पुत्र परवेज घर से खेत पर जाने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर पड़ोस में ही रहने वाले मय्यूर, आवेद, जावेद, अकरम और शोएब लाठी-डंडे और फावड़ा लेकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि उक्त लोगों ने घर में घुसते ही परवेज पर हमला कर दिया। फावड़े और डंडों के वार से परवेज लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा चीख-पुकार मचने पर आरोपितों के परिजनों ने अपनी छतों से ईंट-पत्थर भी बरसाने शुरू कर दिए। बीच-बचाव करने आई पीड़ित की पत्नी और पुत्री के साथ भी आरोपितों ने गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया शोर-शराबा सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर जुटने लगे तो आरोपित हाथ में अवैध देशी तमंचा लहराते हुए और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए परिजनों ने घायल परवेज को राजकीय अस्पताल मंगलौर में भर्ती कराया जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर देहरादून के लिए रेफर कर दिया। फिलहाल देहरादून में युवक का उपचार चल रहा है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मंगलौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
