रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। मोहल्ला इस्लामनगर में नाली के पानी को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक घर में घुसकर जमकर तांडव मचाया आरोपियों ने घर में मौजूद दंपती की लाठी-डंडों और सरिए से बेरहमी से पिटाई कर दी। इसके बाद बीच-बचाव करने आए अन्य युवकों को भी रास्ते में घेरकर लहूलुहान कर दिया। हमले में एक युवक का हाथ टूट गया जबकि दूसरे को अधमरी हालत में बाग के पास फेंककर आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है।
मंगलोर के मोहल्ला मलकपुरा निवासी अतीक ने चौकी इंचार्ज को तहरीर देकर बताया कि उनके साले शाहनवाज के पड़ोस में कल्लू और उसके बेटे फरमान, सुहेल व उस्मान रहते हैं। 14 जून की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे शाहनवाज के घर के सामने सरकारी नाली का पानी बहकर कल्लू के भूसे के गोदाम में चला गया। इस बात से तैश में आकर आरोपी लाठी, डंडे और लोहे के सरिए लेकर शाहनवाज के घर में घुस गए। और गालिब रोज करने लगे गाली-गलौज का विरोध करने पर आरोपियों ने शाहनवाज को जान से मारने की नीयत से पीटना शुरू कर दिया। जब शाहनवाज की पत्नी सोनम बीच-बचाव करने आई तो आरोपियों ने उसे भी जमीन पर गिराकर बेरहमी से लातों से पीटा और उसके कपड़े फाड़ दिए। इस दौरान आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी बाइक में भी तोड़फोड़ की। शोर सुनकर जब अतीक और जुहैल मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकले। इसके बाद आरोपियों ने रास्ते में जा रहे अहसान और शहजाद को रोक लिया। दबंगों ने उनके साथ भी मारपीट की और ई-रिक्शा तोड़ दिया। आरोपी शहजाद को पीटते हुए घसीटकर पास के एक बाग में ले गए और उसे खून से लथपथ अधमरी हालत में छोड़ दिया। आरोपियों ने शहजाद का मोबाइल तोड़ दिया और जेब में रखे साढ़े तीन हजार रूपये भी फेंक दिए। हमले में अहसान का हाथ टूट गया है जबकि शहजाद बेहोश मिला।सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ितों को तुरंत मंगलौर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
