रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने लण्ढौरा क्षेत्र से एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है जिसके कब्जे से 10.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। आरोपी उत्तर प्रदेश के बरेली से स्मैक खरीदकर लाया था और यहां फुटकर में बेचने की फिराक में था।
मंगलौर पुलिस को बुधवार शाम को उपनिरीक्षक रविन्द्र जोशी, हेड कांस्टेबल शूरवीर सिंह और कांस्टेबल मनीष के साथ लण्ढौरा क्षेत्र में शांति व्यवस्था व संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान नगला इमरती फ्लाई ओवर सर्विस रोड से होते हुए जब पुलिस टीम इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप से पास पहुंची तो सरकारी ट्यूबवेल के पास कच्चे रास्ते पर एक मोटरसाइकिल पर बैठा युवक संदिग्ध प्रतीत हुआ।
पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख युवक घबरा गया और उसने मोटरसाइकिल स्टार्ट कर भागने का प्रयास किया। तो पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी करते हुए दबोच लिया। तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट की जेब से 10.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में उसने बाइक को अपने परिचित इमरान अली की बताया। पूछताछ में उसने अपना नाम तनवीर अली उम्र 24 साल निवासी भगवानपुर चंदनपुर कोतवाली मंगलौर बताया। उसने पुलिस को बताया कि वह खुद भी नशे का आदी है। अपनी लत को पूरा करने और खर्चा चलाने के लिए वह स्मैक की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता है। उसने स्वीकार किया कि कुछ दिन पहले ही वह बरेली रेलवे स्टेशन के बाहर एक नकाबपोश अज्ञात व्यक्ति से यह स्मैक खरीदकर लाया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी का चालान कर दिया है।
