रिपोर्ट- जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। दिल्ली-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुकुल नारसन पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने दुर्घटनास्थल पर खड़ी हाईवे एंबुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एंबुलेंस पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई जबकि ड्यूटी पर तैनात एक हेड कांस्टेबल और एक होमगार्ड के गंभीर रूप से घायल हो जाने के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बीती 13 जून की रात को हाईवे पर एक सड़क दुर्घटना हुई थी। सूचना मिलने पर हाईवे एंबुलेंस के कर्मचारी ड्राइवर भूपेंद्र कुमार और डॉक्टर शुभम कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक को सुचारू रखने के लिए पुलिस टीम भी मौजूद थी जिसमें हेड कांस्टेबल सहंसरपाल और होमगार्ड लोमश शामिल थे। हाईवे पेट्रोल कार के कर्मचारियों ने दुर्घटनास्थल की सुरक्षा के मद्देनजर चारों तरफ उचित बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर लगाए हुए थे ताकि आने-जाने वाले वाहनों को सतर्क किया जा सके। इसी दौरान सामने से आ रहे एक ट्रक के चालक ने अपने वाहन को बेहद तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए सीधे खड़ी एंबुलेंस में टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। मौके पर मौजूद हेड कांस्टेबल सहंसरपाल और होमगार्ड लोमश इस हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें तुरंत हायर सेंटर भेजा गया था। घटना के संबंध में सहारनपुर के जैनपुर गांव निवासी नितिन कुमार ने गुरुकुल नारसन पुलिस चौकी में लिखित तहरीर देकर आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ सख्त मुकदमा दर्ज कराया है।
