रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आगामी 17 जुलाई को देहरादून आगमन को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को मंगलौर कोतवाली के समीप एक बैंकट हॉल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ‘छात्रों की गूंज’ नाम से एक अहम तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में वक्ताओं ने युवाओं व छात्रों की समस्याओं को उठाते हुए देहरादून में होने वाले कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। बैठक को संबोधित करते हुए मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि आज देश का युवा और छात्र वर्ग रोजगार व अपने बेहतर भविष्य को लेकर पूरी तरह हताश व निराश है। भाजपा सरकार की नीतियां युवाओं के सपनों को कुचलने का काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हमेशा सड़क से लेकर संसद तक युवाओं और छात्रों की आवाज बुलंद करते आए हैं। 17 जुलाई को देहरादून में होने वाला उनका कार्यक्रम उत्तराखंड के युवाओं में एक नई ऊर्जा का संचार करेगा। बैठक में पहुंचे झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि वर्तमान समय में छात्रों और बेरोजगारों के मुद्दों पर राजनीति से ऊपर उठकर एकजुट होने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर राहुल गांधी के विचारों को सुनें और अपने अधिकारों के लिए आगे आएं। पिरान कलियर विधायक फुरकान अहमद ने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर युवाओं को इस कार्यक्रम से जोड़ने का आह्वान किया ताकि उत्तराखंड के युवाओं की गूंज दिल्ली तक सुनाई दे। इस अवसर पर रुड़की महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, मंगलौर नपा अध्यक्ष मोहिउद्दीन अंसारी, चौधरी इस्लाम, जुल्फिकार अंसारी, मोनू प्रधान, संजीव चौधरी, सचिन चौधरी, ओम सिंह पवार, नवाज काजमी, शाह वकार चिश्ती, अनुज चौधरी, फरमान खान, इश्तियाक अब्बासी, सभासद शहजाद व परवेज आदि मौजूद रहे।
