रिपोर्ट👉 जागरण समाचार प्रतिनिधि
मंगलौर। पिरान कलियर क्षेत्र के एक युवक ने मंगलौर कोतवाली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय की शरण ली है। आरोप है कि उसकी बहन की उसके पति व ससुराल पक्ष के लोगों ने साजिश के तहत जहर देकर हत्या कर दी। पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर उसे कोर्ट की शरण लेनी पड़ी है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद पति, सास, जेठ और जेठानी समेत छह लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पिरान कलियर क्षेत्र केग्राम मेहवड़ खुर्द उर्फ नागल निवासी माजिद ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसकी बहन नसरीन की शादी करीब 16-17 वर्ष पूर्व मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बिझौली निवासी साजिद के साथ हुई थी। नसरीन के छह बच्चे हैं। आरोप है कि साजिद का काफी समय से किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध चल रहा था। जब नसरीन ने इसका विरोध किया तो साजिद, उसके भाई काजिम, नाजिम, राशिद, सास जरीफन और जेठानी शाहीन उसे अक्सर गाली-गलौज व मारपीट कर प्रताड़ित करने लगे।
माजिद का आरोप है कि बीती 29 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे ससुराल पक्ष के सभी छह लोगों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत नसरीन को जान से मारने की नीयत से जहर दे दिया। घटना की जानकारी मायके पक्ष को नहीं दी गई। अगले दिन जब सुबह जब उनकी नसरीन से बात नहीं हो पाई तो अन्य स्रोतों से उन्हें वारदात का पता चला। जब वे बिझौली पहुंचे तो नसरीन की मौत हो चुकी थी। सरकारी अस्पताल में कराए गए पोस्टमार्टम में भी डॉक्टर ने जहर से मौत होने की पुष्टि की। पीड़ित ने बताया कि घटना के बाद आरोपी साजिद अपने सभी छह बच्चों को उसके घर छोड़ गया। जब माजिद ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने धमकी दी कि अगर बच्चों को नहीं रखा तो इन्हें भी इनकी मां की तरह जहर देकर मार दूंगा। पीड़ित के पास इस पूरी घटना और धमकी की वीडियो रिकॉर्डिंग भी मौजूद है पीड़ित माजिद ने बताया कि उसने घटना के तुरंत बाद 30 अप्रैल को मंगलौर कोतवाली में तहरीर दी थी। लेकिन पुलिस ने भी कोई संज्ञान नहीं लिया। थक-हारकर पीड़ित ने कोर्ट मे प्रार्थना पत्र दिया। कोर्ट के आदेश के बाद अब मंगलौर कोतवाली पुलिस ने सभी छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
